* उमेश मिश्रा ने दिखाई लोकतंत्र के प्रति अद्भुत निष्ठा, अस्पताल से एम्बुलेंस में लेकर पहुंचे मतदान केंद्र सूरत (ईएमएस)| शहर में सूरत नगर निगम चुनाव के दौरान एक बेहद प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। शहर के वार्ड नंबर 4 स्थित बूथ नंबर 24 पर उस समय सभी लोग हैरान रह गए जब एक एम्बुलेंस मतदान केंद्र पर पहुँची। पी.पी. सवाणी अस्पताल में पिछले चार–पाँच दिनों से किडनी की गंभीर बीमारी के चलते उपचाराधीन उमेश मिश्रा ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति के आगे शारीरिक पीड़ा भी लोकतांत्रिक कर्तव्य में बाधा नहीं बन सकती। उमेश मिश्रा ने अस्पताल में इलाज के दौरान ही डॉक्टरों से मतदान करने की अपनी गहरी इच्छा व्यक्त की थी। उनकी लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सहयोग का निर्णय लिया। चिकित्सकों की टीम ने पहले उनके स्वास्थ्य की पूरी जांच की और फिर मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से मतदान केंद्र तक ले जाने की अनुमति दी। स्ट्रेचर पर लेटे-लेटे ही उमेश मिश्रा मतदान केंद्र के भीतर पहुँचे और अपना बहुमूल्य वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि “बीमारी अपनी जगह है, लेकिन एक नागरिक के रूप में मेरा कर्तव्य है कि मैं सही उम्मीदवार को चुनने के लिए वोट जरूर करूं।” इस भावुक दृश्य को देखकर अस्पताल के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी भावुक हो गए। वहीं यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जहाँ लोग उमेशभाई के साहस और लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता की जमकर सराहना कर रहे हैं। यह घटना उन लोगों के लिए भी एक मजबूत संदेश बन गई है, जो स्वस्थ होने के बावजूद लापरवाही या आलस्य के कारण मतदान से दूरी बना लेते हैं। सतीश/26 अप्रैल