गीर सोमनाथ (ईएमएस)| गुजरात के गीर सोमनाथ जिले के गीर गढ़डा तालुका स्थित बाणेज क्षेत्र में स्थानीय स्वराज्य चुनाव के दौरान लोकतंत्र की एक बेहद अनोखी और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। घने जंगलों और दुर्गम इलाके में बसे इस क्षेत्र में केवल एक ही पंजीकृत मतदाता के लिए पूरा मतदान केंद्र स्थापित किया गया। यह मतदाता कोई सामान्य नागरिक नहीं, बल्कि बाणेज महादेव मंदिर के महंत हरिदास बापू हैं। निर्वाचन आयोग ने उनके लिए जंगल के बीच विशेष मतदान केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कर्मियों और सभी आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की। दोपहर के समय हरिदास बापू मतदान केंद्र पहुंचे और उन्होंने तालुका पंचायत तथा जिला पंचायत—दोनों चुनावों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके मतदान के साथ ही इस बूथ पर 100 प्रतिशत मतदान दर्ज हो गया, जो लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक बन गया। यह परंपरा वर्ष 2002 से लगातार जारी है। पहले इस केंद्र के एकमात्र मतदाता स्वर्गीय भरतदास बापू थे, और उनके निधन के बाद उनके शिष्य हरिदास बापू इस लोकतांत्रिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। घने जंगल, वन्यजीवों और कठिन रास्तों के बावजूद चुनाव कर्मी और सुरक्षाबल केवल एक वोट के लिए यहां पहुंचते हैं, जो निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मतदान के बाद हरिदास बापू ने कहा कि जब सरकार एक व्यक्ति के लिए इतनी व्यवस्था कर सकती है, तो हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करना चाहिए। बाणेज का यह मतदान केंद्र आज केवल एक बूथ नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था और जिम्मेदारी का जीवंत प्रतीक बन चुका है। सतीश/26 अप्रैल