नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम के वार्ड क्रमांक 18, बूथ क्रमांक 71, शक्ति केंद्र क्रमांक 4 (गंगाधर, मंडी गेट के सामने, आईटीआई रोड) पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, श्रीमती सविता दीवान शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने “लोकल से ग्लोबल” के मंत्र को दोहराते हुए विशेष रूप से बांस (बम्बू) से बने उत्पादों को अपनाने और बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांस से बने घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामग्री एवं फर्नीचर न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करते हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने भारत की आगामी डिजिटल जनगणना 2027 में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर भी बल दिया। उन्होंने इसे देश के विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से इसमें सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री के विचारों पर चर्चा की और “वोकल फॉर लोकल” एवं “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं तथा डिजिटल जनगणना में सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ईएमएस / /26,अप्रैल,2026/