क्षेत्रीय
26-Apr-2026
...


कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दहेज प्रताड़ना एवं हत्या के सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित अनुसंधान का परिणाम मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को वादी देवेंद्र मेहता (लगभग 60 वर्ष), निवासी मधेपुरा ने लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री संगीता कुमारी की शादी वर्ष 2023 में महिनाथपुर निवासी सूरज कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। वादी के अनुसार, कुछ महीने पहले उन्होंने 40,000 रुपये और एक सोने का लॉकेट दिया था, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। 24 अप्रैल 2026 को उनकी पुत्री ने फोन कर मारपीट और जान से मारने की धमकी की जानकारी दी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन 25 अप्रैल को सूचना मिली कि उसकी मृत्यु हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो मृतका के गले पर निशान देखे गए, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। वादी ने आरोप लगाया कि उसके पति सूरज कुमार, सास, ससुर एवं अन्य परिजनों ने मिलकर दहेज के लिए उसकी पुत्री की हत्या कर दी। इस मामले में कटिहार पुलिस ने कोढ़ा थाना कांड संख्या 121/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सूरज कुमार (पिता– टुनटुन सिंह), टुनटुन सिंह (पिता– बालेश्वर सिंह) तथा साधो देवी (पति– टुनटुन सिंह) है। सभी आरोपी महिनाथपुर पिपरा टोला, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के निवासी हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सशक्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। संतोष झा- २६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस