कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी एवं वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एक गंभीर आपराधिक मामले में की गई है, जिसमें आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2025 की रात लगभग 1 बजे वादी विकास कुमार सिंह अपने साथियों के साथ मछली मारकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर बिना कारण मारपीट की और हथियार दिखाकर मोबाइल व रुपये छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर हमला किया। घटना के दौरान पीड़ितों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। इस संबंध में मनिहारी थाना कांड संख्या 293/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की गई। इसी क्रम में मुख्य आरोपी एवं 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी नथुनी यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से 1 देशी कट्टा तथा 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई संगीन धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। संतोष झा- २६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस