त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया से की जायेगी परीक्षार्थियों की जांच प्रथम पाली में 1913 एवं द्वितीय पाली में 1887 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा नर्मदापुरम (ईएमएस)। / रविवार 26 अप्रैल 2026 को राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का जिले 8 केंद्रों पर शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई। प्रथम सत्र प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 बजे से 04:15 बजे तक आयोजित हुआ। जिले में परीक्षा के लिए कुल 8 केंद्र स्थापित किए गए थे। प्रथम पाली में कुल 1913 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जिनमें 1001 महिला तथा 912 पुरुष सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 644 विद्यार्थी प्रथम पाली में अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 1887 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में परीक्षा देने वाले 991 महिला अभ्यर्थी एवं 896 पुरुष अभ्यर्थी सम्मिलित रहे। उल्लेखनीय है कि राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के लिए 2557 परीक्षार्थी एनरोल हुए थे। 8 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई एमपीपीएससी की परीक्षा मध्य प्रदेश राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा जिला मुख्यालय के 8 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। इनमे शासकीय ज्ञानोदय स्कूल ओल्ड बी.टी.आई. रोड (एनसीसी कार्यालय के पास), शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज आईटीआई रोड, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुमेराती (काली मंदिर के पास), शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल एसपीएम हरदा रोड गेट नंबर-1, शासकीय गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय, वार्ड-1 इतवारा बाजार, शासकीय एस.एन.जी. उच्च माध्यमिक विद्यालय (बस स्टैंड के पास), शासकीय गृह विज्ञान संग्रहालय (एस.एस.एन.जी. स्कूल परिसर) नर्मदापुरम तथा शासकीय नर्मदा महाविद्यालय सदर बाजार सम्मिलित थे। फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा परीक्षा केंद्रों का किया गया निरंतर निरीक्षण मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड के दल द्वारा भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, एसडीओपी श्री जितेंद्र पाठक एवं तहसीलदार नर्मदापुरम श्रीमती सरिता मालवीय एवं दल द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एसपीएम नर्मदापुरम एवं शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय नर्मदापुरम का भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों की जांच की गई। इसी प्रकार संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह एवं साथी दल द्वारा एसएनजी हायर सेकेंडरी स्कूल सहित अन्य परीक्षा केंद्र की जांच कर परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया गया। इसी प्रकार अन्य अधिकारियों द्वारा भी परीक्षा केंद्रों की जांच की गई। त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया से की गई परीक्षार्थियों की जांच परीक्षा में पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु परीक्षार्थियों के लिए त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई थी। इसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से तलाशी शामिल थी। सभी अभ्यर्थियों परीक्षा प्रारंभ होने से 90 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हुए। जहां दोनों सत्रों में अभ्यर्थियों की HHMD के माध्यम से फ्रिस्किंग की गई। त्रिस्तरीय जांच के उपरांत ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। ईएमएस / /26,अप्रैल,2026/