राज्य
26-Apr-2026


:: दुकानदार को बातों में उलझाकर उड़ा ले गया गहनों का पाउच; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही चंदन नगर पुलिस :: इंदौर (ईएमएस)। चंदन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में शनिवार रात एक शातिर चोर ने फिल्म अंदाज में हाथ की सफाई दिखाते हुए सोने के गहनों से भरा पाउच पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी चतुराई से रफूचक्कर हो गया। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मचा है। दुकानदार आशीष सोनी ने बताया कि शनिवार रात करीब 7:40 बजे एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। आरोपी ने बच्चों की बालियां दिखाने की मांग की। आशीष जब उसे अलग-अलग डिजाइन की बालियां दिखा रहे थे, तो आरोपी लगातार उन्हें बातों में उलझाए रखा। बदमाश बार-बार यही कहता रहा कि यह नहीं, दूसरी डिजाइन दिखाओ। जैसे ही दुकानदार का ध्यान दूसरी पेटी की ओर गया, पलक झपकते ही चोर ने काउंटर पर रखा सोने का पाउच अपनी उंगलियों के बीच छिपा लिया। इसके बाद बड़ी सहजता से बालियां पसंद नहीं आईं कहकर वह दुकान से बाहर निकल गया। बदमाश के जाने के कुछ देर बाद जब दुकानदार ने काउंटर का सामान समेटा, तो पाउच गायब देख उनके होश उड़ गए। तत्काल सूचना मिलने पर चंदन नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अब दुकान और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के हुलिए के आधार पर उसे पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी का हुलिया मिल गया है और जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में गहरी चिंता और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय स्वर्णकारों का कहना है कि शातिर अपराधी अब खुलकर दुकानदारों को निशाना बना रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे बदमाशों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर अपनी घेराबंदी शुरू कर दी है। प्रकाश/26 अप्रैल 2026