--मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय निरीक्षण करते हुए हाथरस (ईएमएस)। हसायन ब्लॉक के ग्राम कटई में एक ही परिवार के 8 सदस्य डायरिया की चपेट में आ गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सि0 राऊ में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।जांच में सामने आया कि परिवार द्वारा 25 अप्रैल को बनाए गए चावल और लौकी की सब्जी का सेवन करने के बाद रात में पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू हुई। हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार सभी मरीजों की हालत में सुधार है और प्राथमिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में सर्वे किया गया, जिसमें अन्य घरों में इस तरह की कोई बीमारी नहीं पाई गई। चिकित्सा शिविर लगाकर 38 लोगों का उपचार किया गया, जिनमें बुखार, खुजली, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और अन्य सामान्य बीमारियों के मरीज शामिल रहे। गांव की स्थिति सामान्य बताई गई है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नगला वीर सहाय में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया।हसायन स्वास्थ्य केन्द्र में स्टाफ नर्स द्वारा डिलीवरी कराई जा रही थी। टीकाकरण रजिस्टर अपडेट पाया गया। सीएमओ ने निर्देश दिए कि प्रसव के बाद किसी भी महिला को 48 घंटे से पहले डिस्चार्ज न किया जाए।नगला वीर सहाय स्वास्थ्य केन्द्र में निरीक्षण के दौरान स्टाफ उपस्थित मिला, जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आकस्मिक अवकाश पर बताए गए। अस्पताल में साफ-सफाई, कूलर-पंखों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उपलब्ध 195 दवाओं के सापेक्ष 125 दवाएं मौजूद मिलीं, जिस पर शेष दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।जन आरोग्य मेले में 24 मरीजों का उपचार किया गया। यहां ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया और डेंगू की जांच के साथ तीन गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच भी की गई। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 26 अप्रैल 2026