भावनगर (ईएमएस)| महुवा में मतदान के दिन उस समय हड़कंप मच गया जब मतदान कर लौट रहे एक युवक की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना नए बस स्टैंड के पास हुई, जहां तीन अज्ञात हमलावरों ने युवक पर अचानक हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक समीर अमरेली के राजुला क्षेत्र से महुवा मतदान करने के लिए आया था। मतदान के बाद जब वह नए बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल समीरभाई की मौके पर ही मौत हो गई, इससे पहले कि उन्हें कोई चिकित्सा सहायता मिल पाती। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के बाद वे किस दिशा में फरार हुए। सतीश/26 अप्रैल