इन्दौर (ईएमएस) पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के एक सनसनीखेज मामले में एम जी रोड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मामले में पुलिस ने कोर्ट को लिखित आवेदन देकर बताया है कि भारतीय दंड संहिता की धारा 493, 494 और 323 के एक मामले में राजकुमार पेश हुआ था, जिसमें उसकी जमानत याचिका खारिज की गई थी वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार मामला जिला न्यायालय परिसर का है जहां आरोपी की जमानत आवेदन खारिज होने के बाद उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी का नाम राजकुमार पिता सज्जन सिंह मालवीय, निवासी राजीव आवास विहार है उसको कोर्ट नंबर 14 में कल पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उसका जमानत आवेदन निरस्त कर दिया और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। जैसे ही आरोपी को जेल वारंट की जानकारी मिली उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिला। फिलहाल मामला दर्ज कर अब पुलिस उसे तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 26 अप्रैल 2026