नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में आरएसएस के युवा कुंभ कार्यक्रम का छात्र संगठनों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है। दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में मंगलवार को आरएसएस के कार्यक्रम का भारी विरोध हो रहा है। इसी के चलते कैंपस के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि आरएसएस ने युवा कुंभ नाम के कार्यक्रम का आयोजन किया है। इसी कार्यक्रम का विरोध जामिया के तमाम छात्र संगठन आईसा आदि कर रहे हैं। तमाम छात्र संगठनों के छात्र आरएसएस के कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। यही नहीं छात्र संगठन आरएसएस गो बैक के नारे भी लगा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को सुरक्षा बलों ने रोकने की भी कोशिश की। इस पूरे मामले में जामिया आईसा ने बयान जारी कर कहा है कि जामिया में आरएसएस के लिए कोई जगह नहीं है। युवा कुंभ के नाम से आरएसएस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को खारिज करने के लिए जामिया के अन्य प्रगतिशील संगठनों के साथ मिलकर आईसा एकजुट हुआ है। आईसा ने कहा है कि देशभर के विश्वविद्यालयों में आरएसएस इसी तरह से कार्यक्रम आयोजित करता है, जिसमें राष्ट्र निर्माण और प्रगति की 100 वर्षों की विरासत का दावा किया जाता है। वह आरएसएस, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में कोई भूमिका नहीं निभाई और यहां तक कि ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के साथ खुलकर सहयोग किया, आज अपनी सत्ता मजबूत करने के लिए राष्ट्रवाद का प्रमाण पत्र बांट रहा है। हमारे शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत ने एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष भारत के लिए लड़ाई लड़ी थी, जो आज जामिया या उससे बाहर आरएसएस के खिलाफ एकजुट खड़ा है। आईसा ने कहा है कि वह जामिया प्रशासन द्वारा आरएसएस को खुलेआम कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दिए गए निमंत्रण की कड़ी निंदा करता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ अप्रैल /2026