नई दिल्ली (ईमएस)। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग पहली बार अप्रैल में 7078 मेगावाट पहुंच गई। AC-कूलर के बढ़ते इस्तेमाल से पावर डिमांड में उछाल दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली में तेज गर्मी के साथ ही बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच अप्रैल में पहली बार बिजली की अधिकतम मांग 7000 मेगावाट के पार पहुंच गई और 7078 मेगावाट दर्ज की गई। राज्य लोड डिस्पैच केंद्र ने यह जानकारी दी। बता दें कि दिल्ली में इन दिनों अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। गर्मी से बचने से लोग धड़ल्ले से बड़े पैमाने पर एसी और कूलर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली की डिमांड बढ़ रही है। बीएसइएस की डिस्कॉम कंपनियों ने अपने क्षेत्रों में 3159 मेगावाट और 1446 मेगावाट की मांग सफलतापूर्वक पूरी की। कंपनी के मुताबिक, गर्मियों के लिए पहले से पूरी तैयारी की गई है। इसमें दूसरे राज्यों से बिजली लेने के समझौते और एआइ एम-एल तकनीक से मांग का अनुमान शामिल है। करीब 2670 मेगावाट ग्रीन पावर भी सप्लाई में मदद करेगी, जिसमें सोलर, हाइड्रो और विंड ऊर्जा शामिल हैं। बीएसईएस का कहना है कि वह बढ़ती मांग के बावजूद दिल्ली में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पूरी तरह तैयार है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ अप्रैल /2026