- 72 घंटों में 4 लड़कियां और 2 लड़के अचानक गायब ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे शहर में नाबालिग बच्चों के लापता होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले 72 घंटों में शहर के अलग-अलग इलाकों से 4 लड़कियां और 2 लड़के अचानक गायब हो गए हैं। इस मामले में स्थानीय पुलिस थानों में केस दर्ज किए गए हैं और पुलिस की विशेष टीमें बच्चों की तलाश में जुटी हुई हैं। जानकारी के अनुसार लापता बच्चों में सबसे ज्यादा मामले मुंब्रा इलाके से सामने आए हैं। संतोषनगर, मुंब्रा से 25 अप्रैल की रात करीब 8 बजे एक 13 वर्षीय लड़का अचानक लापता हो गया। इसके बाद अमृतनगर, मुंब्रा से 26 अप्रैल की सुबह एक 17 वर्षीय लड़की बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई, जो अब तक वापस नहीं लौटी है। वहीं वागले एस्टेट और किसन नगर इलाके से भी बच्चों के गायब होने की घटनाएं सामने आई हैं। किसन नगर 2 से 25 अप्रैल की शाम एक 16 वर्षीय लड़की “सहेली के घर जा रही हूं” कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसी दिन रुपादेवी पाड़ा इलाके से 15 वर्षीय लड़की बिना बताए घर से चली गई। जबकि ठाणे पश्चिम के होतकरू मैदान इलाके से 23 अप्रैल को एक 14 वर्षीय लड़का लापता हो गया, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं घोड़बंदर रोड इलाके से 23 अप्रैल की आधी रात को 16 वर्षीय लड़की के घर से गायब होने की घटना सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, नाबालिग बच्चे लापता होने पर पुलिस अपहरण का मामला दर्ज करती है। बहरहाल एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के लापता होने के पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या फिर घरेलू कारणों और सोशल मीडिया के प्रभाव में बच्चे घर छोड़ रहे हैं, इसकी जांच पुलिस कर रही है। उधर ठाणे पुलिस ने सभी रेलवे स्टेशनों, बस डिपो और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और दोस्तों पर नजर रखें। स्वेता/संतोष झा- २८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस