:: हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी, पुलिस और जनता के बीच बढ़ी दूरियां हुई खत्म :: इंदौर (ईएमएस)। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को धरातल पर उतारने के लिए इंदौर पुलिस ने अब सीधे आमजन के बीच मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों के पालन में, शहर के सभी जोन्स में मोहल्ला बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का उद्देश्य न केवल जनता की समस्याओं का समाधान करना था, बल्कि अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करना और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जगाना था। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने खुद पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया। रावजी बाजार के राधा गोविंद बगीचा से लेकर परदेशीपुरा के नंदानगर, संयोगितागंज के उषागंज, एरोड्रम के छोटा बांगड़दा और खजराना के अशरफी नगर समेत शहर की दर्जनों कॉलोनियों में मोहल्ला बैठकें हुईं। इन बैठकों में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने सीधे जनता से बात की। लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और पुलिस के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया। :: सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और कड़ी चौकसी :: पुलिस ने केवल संवाद ही नहीं किया, बल्कि जमीन पर सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की। गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए शहर के चिन्हित हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। निगरानी को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने ड्रोन का उपयोग कर पेट्रोलिंग की, जिससे अपराधियों की हर हलचल पर पैनी नजर रखी जा सके। :: साइबर फ्रॉड और नशे के खिलाफ सतर्कता :: जनसंवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को तीन मुख्य विषयों पर आगाह किया: - साइबर सुरक्षा: ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक, कॉल और ओटीपी शेयर न करने की सलाह दी गई। किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने को कहा गया। - नशा मुक्त समाज: युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और खेल व रचनात्मक कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। - यातायात जागरूकता: दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट के उपयोग की शपथ दिलाई गई। :: पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद :: अधिकारियों ने आमजन को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर पल उपलब्ध है। नागरिकों को सुझाव दिया गया कि वे निर्भीक होकर शिकायत पेटी में अपनी बात रखें या इंदौर पुलिस के क्राइम वॉच हेल्पलाइन नंबर - 7049108283 पर गोपनीय तरीके से सूचना दें। पुलिस की इस सामुदायिक पहल ने नागरिकों का आत्मविश्वास बढ़ाया है, जिससे अब अपराधी तत्वों पर लगाम कसना और अधिक आसान हो जाएगा। प्रकाश/28 अप्रैल 2026