:: हेलमेट की प्रतिकृति और डिजिटल स्क्रीन के जरिए आमजन को किया जाएगा सतर्क :: इंदौर (ईएमएस)। सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के विशेष मार्गदर्शन में शहर में अब एक यातायात जागरूकता डिजिटल रथ घूमेगा, जो जगह-जगह रुककर लोगों को यातायात नियमों की बारीकियां समझाएगा। इस रथ का शुभारंभ पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। सड़क सुरक्षा अभियान को आधुनिक स्वरूप देते हुए इस रथ को विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें एक बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़ी लघु फिल्में और वीडियो क्लिप्स का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, रथ पर हेलमेट की एक आकर्षक प्रतिकृति (मॉडल) लगाई गई है, जो सड़क पर हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और उसके महत्व को प्रमुखता से दर्शाती है। इसके अतिरिक्त, रथ पर जागरूकता संदेशों वाले फ्लेक्स और ऑडियो सिस्टम के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षा नियमों के प्रति प्रेरित किया जाएगा। :: शहर के चारों ज़ोन में होगा भ्रमण :: पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह जागरूकता रथ शहर के चारों ज़ोन के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर भ्रमण करेगा। इसका मुख्य ध्येय नागरिकों को यह बताना है कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी बाध्यता है, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए एक नैतिक जिम्मेदारी भी है। शुभारंभ अवसर पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का सुरक्षित रहना ही इंदौर पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि शहर का हर व्यक्ति यातायात नियमों को अपनी आदत में शुमार करे। जब नागरिक जागरूक होंगे, तभी सड़कों पर दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सकेगा। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी, ट्रैफिक प्रहरी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पुलिस की यह पहल आने वाले दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात के प्रति व्यवहारगत बदलाव लाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है। प्रकाश/28 अप्रैल 2026