:: इंदौर पुलिस का हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें अभियान: 29वें दिन 4150 से ज्यादा हेलमेट बांटे :: इंदौर (ईएमएस)। सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इंदौर पुलिस का हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें अभियान अब शहर की सड़कों पर रंग ला रहा है। मंगलवार को पलासिया चौराहे पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने जब अभियान चलाया, तो वाहन चालकों को सुरक्षा का यह अनोखा सबक मिला। अभियान के दौरान पुलिस का अंदाज एकदम जुदा था। जो वाहन चालक बिना हेलमेट के फर्राटा भर रहे थे, पहले उनका नियमानुसार चालान काटा गया। इसके बाद उन्हें सड़क सुरक्षा की गंभीरता समझाई गई और फिर पुलिस ने स्वयं उन्हें हेलमेट भेंट किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने खास तौर पर उन लोगों को प्राथमिकता दी जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के सभी दस्तावेज तो पूरे थे, लेकिन वे हेलमेट नहीं लगाए थे। :: अनुशासित चालकों का हुआ सम्मान :: पुलिस का यह अभियान केवल जुर्माना वसूलने तक सीमित नहीं रहा। पलासिया चौराहे पर जो दोपहिया वाहन चालक पूरे नियम और सुरक्षा उपकरणों के साथ मिले, पुलिस ने उनकी पीठ थपथपाई। ऐसे जागरूक चालकों को पुलिस आयुक्त ने सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए, जिससे वहां से गुजरने वाले अन्य लोगों के बीच भी सकारात्मक संदेश गया। :: निरंतर जारी है सुरक्षा का यह महाभियान :: यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक आयोजित 29 कार्यक्रमों में 4150 से अधिक हेलमेट बांटे जा चुके हैं। पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। हेलमेट के प्रति दिखाई जा रही यह सख्ती और समझाइश अब शहर के हर बड़े चौराहे पर नजर आएगी। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर शहरवासियों से अपील की है कि वे इसे केवल नियम न समझें, बल्कि परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी आदत बनाएं। प्रकाश/28 अप्रैल 2026