-- जाँच करती टीम हाथरस (ईएमएस)। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में मंगलवार को एक बुजुर्ग का शव घर के अंदर लहूलुहान अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, करीब 70 वर्षीय जगदीश चंद्र शर्मा, जो स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और पुत्री विवाहित है। मंगलवार सुबह परिजन जब उन्हें देखने पहुंचे तो वह चारपाई पर खून से लथपथ पड़े मिले। सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार जैसे निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। ग्रामीणों ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 28 अप्रैल 2026