राज्य
28-Apr-2026
...


:: मुखबिर की भूमिका निभाने वाले सोनू उर्फ रितेश ने उगले राज, गोली चलाने की रची थी साजिश :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के नामचीन बिल्डर विवेक दम्मानी को धमकी देने और उन पर जानलेवा हमले की साजिश रचने के मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता राजपाल के सहयोगी सोनू उर्फ रितेश खंगार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों द्वारा इंदौर में फैलाई जा रही दहशत पर बड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस आयुक्त इंदौर द्वारा लॉरेंस गैंग से जुड़ी धमकियों और आपराधिक गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में गठित एसआईटी ने राजपाल (निवासी नागदा) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। राजपाल से हुई पूछताछ में सोनू उर्फ रितेश खंगार (निवासी इंदौर) का नाम सामने आया, जिसने बिल्डर विवेक दम्मानी की रेकी की और उन तक पहुंचने की जानकारी राजपाल को उपलब्ध कराई थी। पूछताछ में आरोपी सोनू ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि अवैध लाभ कमाने की लालच में उसने बिल्डर विवेक दम्मानी की जानकारी राजपाल को दी थी। दोनों आरोपी मिलकर बिल्डर के घर के बाहर गोली चलाने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वे इस वारदात को अंजाम देते, क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 0048/2026, धारा 308 (5) और 351 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी सोनू उर्फ रितेश खंगार (सोलंकी) शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं। इसमें मारपीट, जान से मारने की कोशिश, चाकूबाजी, बलवा करना, घर में घुसकर मारपीट और बलात्कार जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। फिलहाल, क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस गैंग से जुड़े अन्य गुर्गों और साजिश के पीछे के बड़े चेहरों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रकाश/28 अप्रैल 2026