राज्य
28-Apr-2026
...


:: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महिला मंत्रियों ने किया अभिनंदन :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मंत्रि-परिषद की बैठक के पूर्व मंगलवार को प्रदेश की महिला मंत्रियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुष्प-गुच्छ भेंटकर विशेष अभिनंदन किया। यह आभार विधानसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने का संकल्प प्रस्तुत करने के लिए जताया गया। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास, कृषि सुधार और जल संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। गेहूं उपार्जन को लेकर मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए उपार्जन का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया। उन्होंने घोषणा की कि किसान अब अपनी तहसील के बजाय जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर फसल बेच सकेंगे। स्लॉट बुकिंग की अवधि 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई कर दी गई है। अब तक 19.31 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी पर किसानों को 2,547 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़ाकर छह कर दी गई है और चमकविहीन गेहूं के मापदंडों में भी रियायत दी गई है। मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर निर्देश दिए कि 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे प्रदेश में जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए वृहद श्रमदान किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारी संगठनों और स्वयंसेवी समूहों को इस पुनीत कार्य में जोड़कर इसे जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। साथ ही, जनगणना 2027 की डिजिटल प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने को कहा। शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालयों की सफलता को मॉडल बताते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इन विद्यालयों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए कीर्तिमान रचे हैं। हालिया बोर्ड परीक्षाओं में सांदीपनि के 58 छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान बनाया है। पिछले चार वर्षों में दसवीं का उत्तीर्ण प्रतिशत 68 से बढ़कर 88 और बारहवीं का परिणाम 59 से बढ़कर 89 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कान्हा नेशनल पार्क के सूपखार में असम के काजीरंगा से लाए गए चार जंगली भैंसों का पुनर्स्थापन किया गया है। एक सदी बाद प्रदेश में जंगली भैंस प्रजाति की वापसी से जैव विविधता का नया अध्याय जुड़ा है। इसके साथ ही असम से गैंडों के दो जोड़े लाने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी और राधा सिंह उपस्थित रहीं। प्रकाश/28 अप्रैल 2026