:: किसानों को बड़ी राहत : स्लॉट बुकिंग की क्षमता बढ़ी, अब 9 मई तक बुक कर सकेंगे स्लॉट; जिले के किसी भी केंद्र पर उपज बेचने की सुविधा :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया तेजी से जारी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेश के 4 लाख 88 हजार 270 किसानों से 19 लाख 90 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। उपार्जन का लाभ लेने वाले इन किसानों को अब तक 2548 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान भी सुनिश्चित कर दिया गया है। पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था, जबकि इस वर्ष सरकार ने इसे बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों की भीड़ को नियंत्रित करने और कार्य में गति लाने के लिए प्रति केंद्र स्लॉट बुकिंग की क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल प्रतिदिन कर दी गई है। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर तौल कांटों की संख्या भी 4 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है। :: स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ी, शनिवार को भी होगी खरीदी :: सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई 2026 कर दी है। अब तक प्रदेश में 9.60 लाख किसानों ने 57.75 लाख मीट्रिक टन गेहूं विक्रय के लिए स्लॉट बुक कर लिए हैं, जिसमें 1.60 लाख मध्यम एवं बड़े किसान शामिल हैं। किसानों को अब किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग और उपार्जन का कार्य निरंतर जारी रहेगा। :: जिले में कहीं भी उपज बेचने की आजादी :: मंत्री श्री राजपूत ने स्पष्ट किया कि किसानों को उपज विक्रय के लिए लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए उन्हें अपने जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर फसल बेचने की सुविधा दी गई है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही, तौल प्रक्रिया को निर्बाध बनाने के लिए बारदाने, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और साफ-सफाई के लिए पंखे व छन्नें की व्यवस्था भी की गई है। :: 2625 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा मूल्य :: किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा गेहूं की खरीदी 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की जा रही है। इसमें राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल की बोनस राशि जोड़कर कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। प्रकाश/28 अप्रैल 2026