राज्य
28-Apr-2026
...


:: सब स्टेशन और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के काम देखे, गुणवत्ता और समयपालन को लेकर अफसरों को किया आगाह :: उज्जैन/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने मंगलवार को उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ के मद्देनजर जारी विद्युत कार्यों की सघन समीक्षा की। श्री सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर आपूर्ति सुधार, कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रोजेक्ट्स को पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने अपने दौरे के दौरान नानाखेड़ा में निर्माणाधीन 33/11 केवी सब स्टेशन का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने नए ट्रांसफार्मर स्थापना और परेशवाई मार्ग पर चल रहे विद्युत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने काम की गति और तकनीकी पहलुओं को बारीकी से परखा और संबंधित अभियंताओं को आवश्यक सुधार के लिए निर्देशित किया। श्री सिंह ने शंकरपुर स्थित प्रशिक्षण संस्थान और क्षेत्रीय भंडार (रीजनल स्टोर) का भी दौरा किया। प्रशिक्षण केंद्र के संचालन और भंडार प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन के लिए बिजली कंपनी की तैयारियां हर स्तर पर त्रुटिहीन होनी चाहिए। बैठक और निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता एसएल करवाड़िया, उज्जैन क्षेत्र के मुख्य अभियंता बीएल चौहान, डीएस चौहान, आशीष आचार्य, संयुक्त सचिव तरूण उपाध्याय और उज्जैन के अधीक्षण अभियंता विनोद मालवीय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्रबंध निदेशक ने टीम को सिंहस्थ के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अभी से एक मजबूत नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया। प्रकाश/28 अप्रैल 2026