राज्य
28-Apr-2026
...


:: 85 आवेदनों पर हुई सुनवाई, पुलिस ने मध्यस्थता के जरिए समाधान पर दिया जोर :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों के पालन में, हर मंगलवार की तरह आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने स्वयं आमजन की फरियाद सुनी और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। मंगलवार की जनसुनवाई में कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं। आवेदकों की भीड़ में सबसे अधिक मामले पारिवारिक कलह, आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन से संबंधित थे। इसके अलावा, फाइनेंशियल फ्रॉड (वित्तीय धोखाधड़ी), पुलिस द्वारा सुनवाई न होने, जमीन/प्लॉट के नाम पर ठगी और महिला अपराधों से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में सामने आईं। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने हर आवेदक की बात को व्यक्तिगत रूप से धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर ही निर्देशित किया, तो वहीं कुछ जटिल प्रकरणों पर फोन के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। सिंह ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि इंदौर पुलिस उनकी सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक स्तर पर सुलह और समाधान के लिए भी कार्य कर रही है। :: मध्यस्थता केंद्र का सहारा :: जनसुनवाई के दौरान यह भी उभर कर आया कि पुलिस अब केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है। पारिवारिक और आपसी विवादों के मामलों में पुलिस द्वारा मध्यस्थता केंद्र (मिडिएशन सेंटर) के माध्यम से सुलह कराने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विवादों को न्यायालयीन प्रक्रिया के बजाय आपसी सहमति से हल किया जा सके। इस अवसर पर सभी ज़ोन के पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने कमिश्नर के निर्देशानुसार आवेदकों की समस्याओं का विस्तारपूर्वक विवरण लिया और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। प्रकाश/28 अप्रैल 2026