राज्य
29-Apr-2026
...


* वितरण कंपनी की आपूर्ति में ब्रेक से शहर के कई हिस्से में पावरकट * गर्मी से परेशान आमजन कोरबा (ईएमएस) भीषण गर्मी में प्रदेश की घरेलू बिजली की जरूरतें राज्य बिजली कंपनी की उत्पादन क्षमता से दोगुनी हो गई है। सेंट्रल सेक्टर से मिल रही बिजली से संकट कुछ हद तक टला है, लेकिन जिले में वितरण कंपनी की आपूर्ति में ब्रेक से सुबह व शाम को घंटों शहर के कई हिस्से में पावरकट रहा। इससे लोग भीषण गर्मी में परेशान हुए। मंगलवार की शाम तकनीकी गड़बड़ी से बिजली आपूर्ति में बार-बार बाधा आई। इससे लोग हलाकान हुए। सुबह मेंटेनेंस के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली आपूर्ति बंद की गई। टी.पी. नगर कोरबा क्षेत्र में सुबह 9.30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जो लगभग दो घंटे बाद बहाल की गई। इसके बाद शाम 7 बजे से घंटेभर के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। जबकि सुबह मंगलवार को दुकानें बंद रहने से मेंटेनेंस भी हुआ था। रात 8 बजे कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति के बाद फिर से सप्लाई में बाधा आ गई। आधे घंटे बाद रामसागर पारा, पटेल पारा, मिशन रोड व इंदिरा नगर फोकटपारा के बिजली उपभोक्ताओं को भी सुबह के बाद शाम में भी बिजली सप्लाई बाधित होने पर परेशानी हुई। गर्मी से राहत पाने कूलर, एसी व पंखे का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की खपत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। सब स्टेशन पर लोड बढ़ने से असर बिजली आपूर्ति पर देखा जा रहा है। 29 अप्रैल / मित्तल