क्षेत्रीय
02-May-2026
...


बलरामपुर (ईएमएस)। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताही गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, 5 और 6 साल के दोनों बच्चे अपने साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गए थे। भीषण गर्मी के बीच बच्चे नदी में खेलते-नहाते हुए गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर बच्चों को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी थे। सूचना पर सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। - (ईएमएस) 02 मई 2026