कवर्धा (ईएमएस)। जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी के पुल पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, जिससे मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बिरगांव के रहने वाले युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी कार से वापस रायपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। कार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है। वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है। - (ईएमएस) 04 मई 2026