पटना, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में हुए बैंक लूटकांड के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार एसटीएफ और मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बैढ़न (सिंगरौली) थाना कांड संख्या 465/26 में वांछित अपराधी चंदन कुमार और गुलशन कुमार (दोनों निवासी नालन्दा, बिहार) को पटना जिले से छापेमारी कर पकड़ा गया। गौरतलब है कि 17 अप्रैल 2026 को सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर स्वर्ण आभूषण और नकदी की लूट की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें इन दोनों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार के खिलाफ मध्यप्रदेश और बिहार के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। - ०४ मई/२०२६/ईएमएस