राज्य
04-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल सहित असम, पुडुचेरी और तमिलनाडु के चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए एनडीए की संभावित जीत पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा” का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की स्थिति मजबूत हो रही है और कमल खिलता हुआ नजर आ रहा है। अरुण साव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व पहले ही कह चुका था कि तृणमूल कांग्रेस को जनता ‘टाटा-बाय-बाय’ कहेगी और अब रुझान उसी दिशा में इशारा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “पश्चिम बंगाल की जनता ने खेला कर दिया है। अन्य राज्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में भी एनडीए की सरकार बनने की स्थिति बन रही है, जबकि तमिलनाडु में भी जनता ने “सनातन का अपमान करने वालों” को करारा जवाब दिया है। साथ ही असम में भी एनडीए की बढ़त को उन्होंने जनसमर्थन का संकेत बताया। उन्होंने इस संभावित जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और जनता के आशीर्वाद का परिणाम बताते हुए कहा कि अंतिम नतीजे आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन रुझान एनडीए के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। - (ईएमएस) 04 मई 2026