रायपुर (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से जारी है। जैसे-जैसे शुरुआती रुझान सामने आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने चुनावी परिणामों और रुझानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक बैज ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो राजनीतिक स्थिति बनी है, वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया और विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए विभिन्न संस्थागत शक्तियों का इस्तेमाल किया गया। दीपक बैज ने कहा भाजपा ने बंदूक की नोक पर पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच नहीं था, बल्कि इसमें विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों और संस्थाओं की भूमिका भी दिखाई दी।उन्होंने आगे आरोप लगाया कि असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा अकेले चुनाव नहीं लड़ रही थी, बल्कि उसके साथ कई संस्थाएं सक्रिय रूप से मैदान में थीं। उनके अनुसार, वहां ED, CBI, चुनाव आयोग, केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री, पूरा मंत्रीमंडल और पुलिस तंत्र तक चुनावी माहौल का हिस्सा बन गए थे। दीपक बैज ने कहा कि बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उनके मुताबिक ढाई लाख से अधिक पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में चुनाव कराया गया, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव परिणामों को अपने पक्ष में “हाईजैक” करने का प्रयास किया। बैज ने कहा कि यह जीत भाजपा की वास्तविक जीत नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग और संबंधित संस्थाओं की भूमिका पर सवाल उठाती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन मौजूदा हालात में यह स्पष्ट नहीं है कि सभी दलों को समान अवसर मिला या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में सत्ता पक्ष का प्रभाव अधिक दिखाई दिया। - (ईएमएस) 04 मई 2026