नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार रात बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट हुई तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री कम हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 7.7 डिग्री कम था, जबकि रिज में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम था। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है और आयानगर में 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। दिल्ली के कई इलाकों में देर रात से लेकर सुबह तक भारी बारिश हुई। सफदरजंग में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे में लगभग 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में भी लगभग 5.7 मिमी बारिश हुई। अन्य केंद्रों की बात करें तो अयानगर में सबसे अधिक 13 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, उसके बाद लोदी रोड और रिज में चार-चार मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान के 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 106 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। ..../नई दिल्ली/ ईएमएस/04/मई /2026