क्षेत्रीय
04-May-2026


धनबाद(ईएमएस)।जिले में पुलिसिंग को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तीन दिवसीय ड्रोन कार्यशाला का आयोजन किया है। इस कार्यशाला के माध्यम से पुलिस कर्मियों को ड्रोन कैमरा संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को और सशक्त बनाया जा सके।इस संबंध में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को चरणबद्ध तरीके से ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसका त्वरित और प्रभावी उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस लगातार नई तकनीकों को अपनाकर अपने कार्यों को बेहतर बना रही है, जिसका सकारात्मक असर अपराध के आंकड़ों में कमी के रूप में देखने को मिला है।एसएसपी ने आगे बताया कि जिले के सभी थानों को दोपहिया और चारपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, साथ ही नए कंप्यूटर सिस्टम भी लगाए गए हैं, जिससे पुलिसिंग को डिजिटल और तेज बनाया जा सके।उन्होंने ड्रोन तकनीक के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान निगरानी में ड्रोन बेहद उपयोगी साबित होता है। इसके अलावा ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में भी ड्रोन के जरिए आसानी से निगरानी की जा सकती है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से न केवल कानून-व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि भविष्य में अपराध नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी। कर्मवीर सिंह/04मई/26