उल्हासनगर, (ईएमएस)। इन दिनों उल्हासनगर शहर में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों से नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया है। ताजा मामला कैंप नंबर 5 स्थित कैलाश कॉलोनी इलाके से सामने आया है, जहां एक नशेड़ी युवक ने राहगीर का मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी युवक मोबाइल छीनकर फरार हो रहा था, तभी आसपास मौजूद स्थानीय युवकों ने सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुद को बचाने के लिए आरोपी ने अपने पास से चाकू निकाल लिया और हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय युवकों की बहादुरी और सूझबूझ से उसे काबू कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी के हाथ में चाकू साफ देखा जा सकता है। इस घटना के बाद नागरिकों में भय और आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। संतोष झा- ०४ मई/२०२६/ईएमएस