राज्य
04-May-2026
...


:: 108 विद्वान करेंगे भागवत-रामायण पारायण, फूलों की होली और नौका विहार भी होगा :: :: पुरुषोत्तम मास में 17 मई से शुरू होगा भक्ति का महापर्व; गौशाला में गौमाता की साक्षी में होंगे दिव्य आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास के पावन उपलक्ष्य में भक्ति, ज्ञान और सेवा का अपूर्व संगम होने जा रहा है। हंस पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के पावन सान्निध्य में रविवार 17 मई से सोमवार 15 जून तक पूरे माह विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 9 से 12 और शाम 4 से 7 बजे तक 108 ब्राह्मण विद्वानों द्वारा भगवान रणछोड़जी की साक्षी में श्रीमद भागवत एवं रामायण का मूल पारायण (पाठ) किया जाएगा। मठ परिसर में इस भव्य आयोजन की व्यापक तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दी गई हैं, जिसमें प्रतिदिन आरती के पश्चात संतों और ब्राह्मणों के लिए प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। मठ परिवार के महंत पं. अमितदास महाराज ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि परंपरा के अनुसार अधिकमास में प्रतिदिन भगवान लक्ष्मीनारायण का गोपाल सहस्त्रनाम एवं श्रीसूक्त पाठ भी संपन्न होगा। अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ भगवान रणछोड़जी की परिक्रमा एवं मठ परिसर में निकलने वाली शोभायात्रा के साथ होगा। मंडल पूजन और गणेश अम्बिका पूजन के पश्चात विद्वानों द्वारा पारायण के साथ-साथ ओम नमो भगवते वासुदेवाय महामंत्र का अखंड जाप भी किया जाएगा। महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज ने अधिकमास की महत्ता बताते हुए कहा कि इस पवित्र मास में की गई भक्ति, दान और सेवा का पुण्य सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक फलदायी होता है, इसलिए भक्तों को ऐसे अनुष्ठानों में भागीदार बनकर पुण्यार्जन करना चाहिए। मठ पर पुरुषोत्तम मास के दौरान केवल पारायण ही नहीं, बल्कि भगवान के नौका विहार, फूलों की होली, संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ और अधिकमास की एकादशी पर विभिन्न विशेष उत्सवों की भी धूम रहेगी। यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान आश्रम स्थित गौशाला में पल रही गौमाता की प्रत्यक्ष साक्षी में संपन्न होगा। पूरे माह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा-अर्चना, दर्शन, गौसेवा और ब्राह्मण सेवा के लिए मठ द्वारा विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इन सभी अनुष्ठानों में सम्मिलित होने के इच्छुक श्रद्धालु मठ द्वारा जारी विशेष दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। प्रकाश/04 मई 2026