शाजापुर (ईएमएस)। गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो और उनकी मेहनत का पैसा तय समय पर उनके खातों में पहुंचे, इसे लेकर जिला प्रशासन सख्त है। इसी व्यवस्था को जमीनी स्तर पर पुख्ता करने के लिए सोमवार को कलेक्टर ऋजु बाफना एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने जिले के कई गेहूं खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ तौल कांटे पर खुद वजन का परीक्षण किया, बल्कि सर्वेयरों को सख्त हिदायत दी कि मापदंडों के नाम पर किसी भी किसान का गेहूं अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया कि खरीदी कार्य में पारदर्शिता और किसानों की सहूलियत प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चल रहे उपार्जन कार्य का जायजा लेने के लिए कलेक्टर बाफना ने ग्राम राणोगंज दीपतारा वेयर हाउस, ग्राम मउघाट गजेन्द्र वेयर हाउस, कालापीपल यशोदा एवं अष्ट विनायक वेयर हाउस, ग्राम नांदनी केशव वेयर हाउस, ग्राम ढाबलाधीर बाबा महाकाल वेयर हाउस और सेमली सहित बेहरावल के उपार्जन केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों से बारदानों की उपलब्धता और गेहूं के परिवहन की विस्तार से जानकारी ली। सुबह 8 बजे से शुरू हो तौल, छांव और पानी रहे उपलब्ध कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए मौजूद सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्र हर हाल में सुबह 8 बजे खुल जाने चाहिए और तौल शुरू हो जाना चाहिए। भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए छाया और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। केंद्रों पर तौलकांटा और छलना अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। खुले स्थानों पर रखे गए गेहूं के परिवहन में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त हम्माल लगाए जाएं। वहीं किसानों की सबसे बड़ी चिंता समय पर भुगतान को लेकर होती है। इसे दूर करने के लिए कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल एसी नोट के आधार पर टीसी जारी करें, ताकि किसानों को बिना किसी विलंब के उनकी उपज का भुगतान हो सके। इसके साथ ही, किसानों को दी जाने वाली बिल पर्ची पर सील और हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए। सर्वेयरों को हिदायत- गुणवत्ता की सही जांच हो कलेक्टर ने उपज की जांच करने वाले सर्वेयरों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा निर्धारित नॉन एवं एफएक्यू गुणवत्ता के मापदंडों की ही सही तरीके से जांच करें। किसानों को परेशान करने के उद्देश्य से अनावश्यक रूप से गेहूं को रिजेक्ट करने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों से बोलीं कलेक्टर- आप परेशान न हों, शत-प्रतिशत होगी खरीदी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बाफना ने केंद्रों पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे किसानों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, किसान बिल्कुल परेशान न हों, प्रशासन आपकी उपज का एक-एक दाना शत-प्रतिशत खरीदेगा। ईएमएस / 04/05/2026