क्षेत्रीय
04-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बालाघाट ने क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक बास्केटबॉल वर्ग में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह प्रतियोगिता 28 से 30 अप्रैल तक केवी जीसीएफ नं. 1 जबलपुर में आयोजित हुई। विद्यालय की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ अंडर-14 वर्ग के 10 खिलाडिय़़ों का चयन केवीएस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके अलावा अंडर-17 बालक बास्केटबॉल वर्ग से भी 1 खिलाड़ी का चयन हुआ है। इस प्रकार 11 छात्र अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार तुमसरे के मार्गदर्शन, शारीरिक शिक्षा शिक्षक अर्जुन कुमार के कुशल प्रशिक्षण और खिलाडिय़़ों की कड़ी मेहनत व समर्पण को दिया जा रहा है। विद्यालय की इस सफलता से न केवल स्कूल बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है और विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ा है। भानेश साकुरे / 04 मई 2026