सिवनी (ईएमएस)। सिवनी शहर से सटे बोरदई टेकरी पर हजरत बाबा सैय्यद अब्दाल कादरी शाह रह. अलैह का 43वाँ सालाना उर्स शरीफ पूर्ण अकीदत, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में सिवनी सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में जायरीनों ने शिरकत कर बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाई। बोरदई सामाजिक कल्याण कमेटी सिवनी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का संचालन आशिक कमेटी (दरगाह), बोरदई टेकरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सभी वर्गों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स के दौरान लंगर, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं, जिसमें स्वयंसेवकों ने दिन-रात मेहनत कर अहम भूमिका निभाई। उर्स के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने जायरीनों का उत्साहवर्धन करते हुए बोरदई टेकरी क्षेत्र के विकास हेतु दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें क्षेत्र में विद्युत समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा आने-जाने वालों की सुविधा के लिए सीढ़ियों का निर्माण शामिल है। इन घोषणाओं पर कमेटी एवं क्षेत्रवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है। आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन एवं पुलिस बल का भी विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। आशिक कमेटी ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जायरीनों का तहे दिल से धन्यवाद ज्ञापित किया। कमेटी ने दुआ की कि बाबा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और सिवनी शहर में इसी तरह आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रहे।