क्षेत्रीय
04-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर कैडेट एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता में बालाघाट जिले के खिलाड़ी इशराख शेख ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 1 से 3 मई तक इंदौर पब्लिक स्कूल, राजेंद्र नगर, इंदौर में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के लगभग 20 जिलों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़़ों ने कुमीते और काता जैसी विभिन्न कराटे विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला कराटे प्रशिक्षण केंद्र के खेल प्रशिक्षक सचिंद्र कृष्णन ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र बालाघाट के खिलाड़ी इशराख शेख ने कड़े मुकाबलों के बीच शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। कोच एवं खेल प्रेमियों ने इशराख की इस सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और समर्पण से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। भानेश साकुरे / 04 मई 2026