शाजापुर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बी.के.एस.एन. शासकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस इकाई ने सोमवार को अपने गोदग्राम आलाउमरोद में सघन पोषण जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने घर-घर दस्तक देकर ग्रामीणों को कुपोषण से बचाव और पौष्टिक आहार के फायदों के बारे में जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने जागरूकता पत्रक बांटते हुए विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए संतुलित आहार की अनिवार्यता पर जोर दिया। ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, बच्चों को पैकेज्ड व फास्ट फूड से दूर रखने और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व प्राणायाम जैसी गतिविधियों से जोड़ने की सलाह दी गई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रकाश बर्फा ने बताया कि इस वर्ष की थीम जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास को अधिकतम करना रखी गई है। इसी के तहत कुपोषण उन्मूलन, बच्चों की स्वास्थ्य जांच और प्रारंभिक शिक्षा पर फोकस किया जा रहा है। वहीं, एनएसएस परामर्शदाता रवि कुमार ने इसे युवाओं और ग्रामीणों में स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में एनएसएस टीम लीडर यूओ गोविंद गोस्वामी के साथ कौशल्या पुष्पद, चंचल पाटीदार, शोहेल शाह, सुरेश कुमार चौरडि़या, तनु, विनायक भिलाला, अंजली राठौर, नीलम और विष्णु प्रसाद राजोरिया सहित पूरी टीम की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही। ईएमएस / 04/05/2026