क्षेत्रीय
04-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उकावता चौकी के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक सुसनेर क्षेत्र के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे की डायल 1033 टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह जानलेवा हादसा कमरदीपुर-कबूलपुर जोड़ पर हुआ। हादसे का शिकार हुए व्यक्तियों की शिनाख्त सुसनेर निवासी रतनलाल पिता नाथूजी और श्यामपुरा सुसनेर निवासी गांगाराम पिता नंदाजी के रूप में हुई है। हादसा इतना भयानक था कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े थे। राहगीरों और रेस्क्यू टीम ने दिखाई इंसानियत हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां मौजूद विक्रम मंडलोई, पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, अनिरुद्ध मीणा और मनीष यादव ने इंसानियत का परिचय देते हुए भारी तत्परता दिखाई। डायल 1033 की टीम और पुलिस की मदद से इन युवाओं ने बिना समय गंवाए दोनों गंभीर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। ईएमएस / 04/05/2026