राज्य
04-May-2026
...


प्रचंड जीत से केसरिया हुआ भोपाल बंगाल-असम की सफलता पर सीएम मोहन बोले- यह मोदी की गारंटी पर जनता की मुहर जश्न का सैलाब, ग्वालियर से लौटते ही सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री, दिग्गजों संग मनाया विजय उत्सव भोपाल (ईएमएस)। भोपाल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड प्रदर्शन ने मध्य प्रदेश की राजधानी को उत्साह के समंदर में डुबो दिया है। विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक सफलता ने कार्यकर्ताओं के जोश को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया। सोमवार शाम ग्वालियर से लौटते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहाँ ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी आतिशबाजी के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। मोदी के नेतृत्व और जनविश्वास की जीत मुख्यमंत्री ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उत्सव की शुरुआत की। मीडिया से चर्चा में सीएम डॉ. यादव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह देश की एकता और सुरक्षा की सोच की जीत है। असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनना और बंगाल में ऐतिहासिक विजय इस बात का प्रमाण है कि जनता अब सिर्फ विकास की राजनीति चाहती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नकारात्मक रुख को जनता ने चुनावों में करारा जवाब दे दिया है। मंच पर एकजुट दिखी भाजपा की शक्ति विजय उत्सव के दौरान मंच पर भाजपा की एकजुटता साफ नजर आई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, वीडी शर्मा, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। सभी वरिष्ठ नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की बधाई दी। बंगाल में अब बहेगी विकास की नई धारा मुख्यमंत्री ने बंगाल की जीत पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पिछला प्रदर्शन केवल उपस्थिति दर्ज कराने तक था, लेकिन इस बार का जनादेश परिवर्तन की नई कहानी लिख रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब बंगाल अराजकता से निकलकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। - मोदी की गारंटी का चला जादू- खंडेलवाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश की जनता ने मोदी की गारंटी पर अटूट विश्वास जताया है। यह जीत अमित शाह की रणनीति और करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का सुखद परिणाम है। देर रात तक गूंजते रहे नारे, बंटी मिठाइयां भोपाल के भाजपा कार्यालय से लेकर चौक-चौराहों तक देर रात तक जश्न का सिलसिला चलता रहा। कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ पटाखे फोड़े बल्कि आम जनता के बीच मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की। राजधानी की सड़कों पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।