क्षेत्रीय
04-May-2026


केरल (ईएमएस)। सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में केरल एकमात्र ऐसा राज्य रहा, जहां कांग्रेस को स्पष्ट जीत मिली। कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी की है। इस जीत के साथ ही देश में वामपंथी दलों का आखिरी मजबूत गढ़ भी खत्म हो गया, क्योंकि अब किसी भी राज्य में लेफ्ट की सरकार नहीं बची है। पिछले 10 वर्षों से पिनराई विजयन के नेतृत्व में वामपंथी सरकार सत्ता में थी, लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का फैसला सुनाया। कांग्रेस की इस वापसी को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इन चुनाव परिणामों में एक दिलचस्प तथ्य भी सामने आया। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने भी केरल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। आरजेडी के उम्मीदवार पी.के. प्रवीण ने कुथुपरम्बा विधानसभा सीट से जीत हासिल की। कुथुपरम्बा सीट पर प्रवीण ने कांग्रेस गठबंधन की उम्मीदवार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की जयंती राजन को हराया। खास बात यह रही कि आरजेडी इस चुनाव में वामपंथी गठबंधन के साथ मैदान में थी, फिर भी उसके उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। इस तरह केरल के चुनाव नतीजों ने न केवल सत्ता परिवर्तन दिखाया, बल्कि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों के नए समीकरणों की झलक भी पेश की है। ईएमएस / 04 मई 2026