क्षेत्रीय
04-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी की बंपर जीत के बाद योग गुरु रामदेव ने टीएमसी नेता ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक समय था जब हर कोई तृणमूल कांग्रेस से डरता था, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नतीजों से साफ है कि भारतीय जनता पार्टी ने टीएमसी को “उल्टा लटकाकर आधा सीधा” कर दिया है। रामदेव ने इस जीत को ममता बनर्जी के “वर्चस्ववाद” के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया बताया। उनके अनुसार, ममता ने यह मान लिया था कि उन्हें कोई चुनौती नहीं दे सकता, लेकिन चुनाव परिणामों ने यह धारणा तोड़ दी। उन्होंने कहा कि बंगाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत हो चुकी है। चुनाव परिणामों के कारणों पर बात करते हुए योग गुरु रामदेव ने कहा कि राज्य में “भय का वातावरण” और “सनातन के अनादर” जैसी भावनाओं ने जनता को प्रभावित किया। लोगों को अपना भविष्य असुरक्षित लगने लगा था, जिससे बदलाव की इच्छा मजबूत हुई और उन्होंने बीजेपी को चुना। ममता बनर्जी को सलाह देते हुए रामदेव ने कहा कि अब उन्हें विपक्ष की भूमिका में रहकर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अनुलोम-विलोम, मेडिटेशन और आध्यात्मिक साधना के जरिए वह खुद को एक मजबूत विपक्षी नेता के रूप में स्थापित कर सकती हैं। रामदेव ने इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया और उन्हें बीजेपी का “सबसे बड़ा ब्रांड” बताया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व, नीतियों और व्यक्तित्व ने जनता का विश्वास जीता है, जबकि अमित शाह और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर इसे साकार किया। उन्होंने आगे कहा कि असम और पुडुचेरी जैसे राज्यों में बीजेपी की सफलता यह दर्शाती है कि देश में एक नया राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन हो रहा है। रामदेव के अनुसार, यह बदलाव भारत को एक अधिक सशक्त और संभावनाओं से भरे राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाएगा। ईएमएस / 04 मई 2026