राज्य
05-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति आदेश जारी कर करोड़ों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करीब 34 पीड़ितों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की थी। यह पूरा मामला नवा रायपुर स्थित सामान्य प्रशासन विभाग के नाम पर फर्जी आदेश तैयार कर लोगों को झांसे में लेने से जुड़ा है। आरोपियों ने सचिव और उप-सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग करते हुए नियुक्ति आदेश तैयार किया और उसे व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राजपाल बघेल की रिपोर्ट पर थाना राखी में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूली। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश शर्मा (शासकीय शिक्षक) और मनोज कुमार श्रीवास्तव (प्राइवेट स्कूल क्लर्क) शामिल हैं, जो मूल रूप से डोंगरगढ़ के निवासी हैं। पुलिस जांच में पता चला कि आर्थिक तंगी के कारण दोनों ने मिलकर यह फर्जीवाड़ा किया। आरोपियों ने कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया के जरिए उसे फैलाया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है। - (ईएमएस) 05 मई 2026