- गोसलपुर एनएच स्थित ढाबा के समीप हादसा, 6 घायल जबलपुर रेफर जबलपुर (ईएमएस)। मंगलवार की सुबह जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्रांतर्गत नेशनल हाइवे स्थित मिडवे ढाबा के समीप कटनी से जबलपुर को आ रही अंशिका ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 पीए 9849 ओव्हरटेक के प्रयास के दौरान गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार सभी 40 यात्री जख्मी हो गए। जिनमें 21 घायलों को सिहोरा स्वास्थ्य केन्द्र तथा 19 को गोसलपुर चिकित्सालय पहुंचाया गया। इनमें से 6 अति घायलों को जबलपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना के संबध में सीएसपी सूर्यकांत शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 ए 0372 गेहूं लेकर जबलपुर कृषि उपज मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कटनी से जबलपुर की तरफ आ रही अंशिका ट्रेवल्स की बस के चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में संतुलन खो दिया और बस सीधे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया,बस में फंसे यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया गया। मौके पर पहुंची 15 एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को सिहोरा,गोसलपुर व जबलपुर के शासकीय स्वास्थ्य केंद्र तक भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चालक द्वारा ओवरटेक करना बताया जा रहा है जिस पर बस चालक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अजय पाठक / मोनिका / 05 मई 2026/ 02.13