कुल नुकसान का आंकड़ा करोड़ों रुपये होने की संभावना, बाल-बाल बचे नाइट शिफ्ट के कर्मचारी जबलपुर (ईएमएस)। शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर कटंगी बायपास स्थित यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में देर रात लगी भीषण आग लगभग अलसुबह तक सुलगती रही। यह आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रही थीं। अचानक भडकी इस आग ने रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवेरी जैसी 3 बड़ी कंपनियों के गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की इस घटना से करोड़ों रुपये का अनाज और अन्य पैकेज्ड फूड आइटम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में रात को काम पर आए कर्मचारी बाल बाल बच गए। आग से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग बुझाने में दमकल की नगर निगम के अलावा सुरक्षा संस्थानें की गाडियां व फायर फोम टेंडर की मदद लेनर पडी तब कहीं भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जाता है कि शहर के एक छोर पर कटंगी बायपास पर स्थित इस लॉजिस्टिक पार्क में राथ्भिग 10.30 बजे के बाद अचानक आग भड़की। रात के समय तेज हवाएं चलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। वेयरहाउस के भीतर तेल और अन्य पैकेज्ड फूड आइटम जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिन्होंने आग में घी का काम किया। कुछ ही मिनटों में आग ने रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवेरी के गोदामों को अपने घेरे में ले लिया। बताया जाता है कि डेलिवेरी कंपनी का लगभग 46 हजार वर्ग फीट, ब्रिटानिया का लगभग 45 हजार वर्ग फीट और रिलायंस का करीब 50 हजार वर्ग फीट का एरिया इस आग की चपेट में आ गया। इसके अलावा ब्रिटानिया का एक सामान से भरा ट्रक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दमकल की 25 से अधिक गाड़ियों ने पाया काबू.............. आग को बुझाने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। नगर निगम के अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया, व्हीकल फैक्ट्री, गन कैरिज फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए 25 से अधिक दमकल वाहनों और 100 से अधिक पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया। लगभग 150 से अधिक ट्रिप पानी और फोम कंपाउंड की मदद से करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आज मंगलवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका। हादसे के समय रिलायंस और ब्रिटानिया के गोदाम पूरी तरह बंद थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। डेलिवेरी के वेयरहाउस में नाइट शिफ्ट के दौरान लगभग 50 कर्मचारी मौजूद थे। आग की लपटें देखकर सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। डेलिवेरी कंपनी की पाली में कुल 150 कर्मचारी काम करते हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह और स्थानीय विधायक सहित कई बड़े अधिकारी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार यहां रखे हाई वैल्यू स्टॉक के चलते कुल नुकसान का आंकड़ा करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है। आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। प्रशासन वेयरहाउस के फायर सेफ्टी इंतजामों की भी जांच में भी जुट गया है। अजय पाठक / मोनिका / 05 मई 2026/ 02.16