क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- ताजपुरा की महिला ने सड़क हादसे में तोड़ा दम गुना (ईएमएस) ।| जिले में बीते 24 घंटों के भीतर घटी दो पृथक हृदय विदारक घटनाओं ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। जहाँ एक ओर कैंट थाना क्षेत्र में एक विवाहित युवक ने खेत पर नीम के पेड़ से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, वहीं दूसरी ओर पड़ोसी जिले लटेरी में एक लापरवाह बाइक सवार की टक्कर ने एक महिला की जान ले ली। मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया। खेत पर फंदे से झूला 25 वर्षीय राजपाल पहली घटना कैंट इलाके के ग्राम बिसोनिया की है। यहाँ रहने वाले कल्याण सिंह के 25 वर्षीय पुत्र राजपाल ने सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते अपने ही खेत पर आत्मघाती कदम उठा लिया। राजपाल ने खेत में खड़े नीम के पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक की भतीजी की नजर पेड़ पर लटके अपने चाचा पर पड़ी और उसने शोर मचाकर परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुँचकर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद शव को फंदे से उतरवाकर अस्पताल पहुँचाया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों (एक बेटा व एक बेटी) को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर राजपाल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। नशे में धुत बाइक सवार ने ली महिला की जान दूसरी दुःखद घटना विदिशा जिले के लटेरी थाना अंतर्गत ग्राम ताजपुरा की है। यहाँ रहने वाली 45 वर्षीय भूरी बाई सोमवार शाम करीब 6 बजे गांव के रास्ते से गुजर रही थीं, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मृतका के पुत्र का आरोप है कि टक्कर मारने वाला युवक उसी के गांव का रहने वाला है और वह शराब के नशे में बुरी तरह धुत था, जिसके कारण वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। गंभीर रूप से घायल भूरी बाई को उपचार के लिए पहले लटेरी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें गुना रैफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर रात में ही गुना अस्पताल पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। -सीताराम नाटानी