क्षेत्रीय
05-May-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27.50 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सांकरा नाका के पास चेकिंग अभियान के दौरान मैनपुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट डस्टर कार (MH 45 AD 9001) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 38 पैकेटों में भरा 54.970 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में महाराष्ट्र निवासी अमोल अरुण ओढ़ेकर (33), तनिष गायकवाड (19) और ऋषिकेश (23) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले भी सांकरा चेक पोस्ट पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 127 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया था, जिसकी कीमत 63 लाख रुपये से अधिक आंकी गई थी। - (ईएमएस) 05 मई 2026