व्यापार
05-May-2026
...


सेंसेक्स 252, निफ्टी 86 अंक गिरा मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर के बाजारों से मिलेजुले वैश्विक संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला मुम्बई शेयर बाजार (बीएसई) सेंसेक्स 252 अंक नीचे आकर 77,017.79 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 86 अंक फिसलकर 24,032.80 अंक पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयर नीचे आये। आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही। वहीं टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, मारुति, अडानी पोर्ट्स, एसबीआई, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयरों में भी गिरावट आई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, बीईएल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, एचसीएल टेक और रिलायंस के शेयर भी टूटे। ब्रॉडर मार्केट में आज निफ्टी मिडकैप में 0.17 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.28 फीसदी बढ़त रही। निफ्टी बैंक, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑयल एंड गैस के शेयर भी नीचे आये। वहीं दूसरी ओर निफ्टी ऑटो और निफ्टी एफएमसीजी के शेयर गिरे। इससे पहले आज सुबह बाजार की शुरुआत कमजोर रही। सेंसेक्स लगभग 152 अंकों की गिरावट के साथ 77,117 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 50 भी करीब 52 अंक फिसलकर 24,067 के स्तर पर आ गया। यह गिरावट बाजार में निवेशकों के बीच व्याप्त अनिश्चितता और सतर्कता की स्थिति को दर्शाती है। ईएमएस 05मई 2026