नई दिल्ली,(ईएमएस)। आप छोड़ भाजपा नेता बने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात कर आम आदमी पार्टी (आप) और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एजेंसियों और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है। राघव चड्ढा ने बताया कि उन्होंने अन्य सांसदों के साथ द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने राष्ट्रपति को अवगत कराया कि ‘आप’ सरकार उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रयोग पर कार्रवाई कर रही है, खासकर तब जब दो-तिहाई सांसदों ने भाजपा का रुख किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि जो पार्टी पहले “बदले की राजनीति” का आरोप लगाती थी, वही अब उसी रास्ते पर चल रही है। उनका कहना था कि वर्तमान में ‘आप’ एक राजनीतिक संगठन की बजाय “नाराज और आहत समूह” की तरह व्यवहार कर रही है। इसके अलावा उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है, कि पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर की जा रही कार्रवाई “खतरनाक खेल” है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों और धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। चड्ढा ने यह भी कहा कि ‘आप’ के पास केवल एक राज्य की सरकार है, जबकि भाजपा कई राज्यों में सत्ता में है। उन्होंने संकेत दिया कि पंजाब की राजनीति में आने वाले समय में बड़े बदलाव संभव हैं। हालांकि, इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से अभी तक औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हिदायत/ईएमएस 05मई26