नई दिल्ली (ईएमएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है, लेकिन स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण सत्ता की राह अभी भी आसान नहीं दिख रही है। सरकार बनाने के लिए सहयोगी दलों का समर्थन अब बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल ने कहा है कि विजय ने राज्य में सरकार गठन के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने तमिलनाडु के मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की है और सभी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। के सी वेणुगोपाल ने कहा कि जनता ने राज्य में धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था के पक्ष में जनादेश दिया है और कांग्रेस उसी भावना के अनुरूप निर्णय लेना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजय की पार्टी को समर्थन देने या न देने पर अंतिम फैसला तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति करेगी। उन्होंने बताया कि राजनीतिक मामलों की समिति की अहम बैठक बुधवार सुबह चेन्नई में आयोजित होगी, जिसमें विस्तृत चर्चा के बाद अंतिम रणनीति तय की जाएगी। तमिलनाडु की राजनीति में अब सभी की निगाहें कांग्रेस के फैसले पर टिकी हैं, क्योंकि यह निर्णय राज्य की अगली सरकार की दिशा और दशा दोनों तय कर सकता है। सुबोध/०५-०५-२०२६