क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- मौसम वैज्ञानिक बोले- 8 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम भोपाल (ईएमएस)। मप्र में मंगलवार सुबह से धार, बड़वानी, झाबुआ सहित कई जिलों में बारिश हुई, वहीं दोपहर में डिंडौरी में ओले गिरे। प्रदेश में एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, पास से दो ट्रफ भी गुजर रही हैं। इस वजह से कहीं ओले गिर रहे हैं तो तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। 8 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। डिंडौरी जिले के मेहदवानी जनपद मुख्यालय में दोपहर में तेज आंधी तूफान आया। इससे एक पेड़ उखडक़र आजीविका दीदी कैफे के छप्पर पर गिर गया। इसमें किसी को चोट तो नहीं आई, लेकिन टीन शेड उखड़ गया। डिंडौरी में शाहपुरा के छीवली सहित कई गांवों में ओले गिरे और दो घंटे से बारिश जारी है। जिला मुख्यालय पर आंधी-तूफान रहा। ग्वालियर में दोपहर तेज रफ्तार में आंधी चली। बादलों के डेरे से धूप पूरी तरह गायब है। हवाओं में नमी के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। आंधी-बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता झाबुआ जिले में आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं गेहूं खरीदी केंद्रों में किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खुले में रखी उपज को बचाने के लिए किसान भाग-दौड़ कर रहे हैं। कई केंद्रों में पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से उपज के भीगने का खतरा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि बारिश से फसल खराब होने का डर सता रहा है। प्रशासन से तुरंत इंतजाम करने की मांग की जा रही है, ताकि नुकसान कम हो सके। धार जिले के कुक्षी और टांडा में मंगलवार को 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इस दौरान आंधी भी चली। तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। विनोद कुमार उपाध्याय, 05 मई, 2026